धान संग्रहण केंद्र में नहीं म‍िला एक भी चूहा, सरकार में बैठे चूहों ने चट क‍िया सात करोड़ का धान : अम‍ित जोगी


छत्तीसगढ़ 15 January 2026
post

धान संग्रहण केंद्र में नहीं म‍िला एक भी चूहा, सरकार में बैठे चूहों ने चट क‍िया सात करोड़ का धान : अम‍ित जोगी

रायपुर, 15 जनवरी । कबीरधाम जिले के संग्रहण केंद्रों में सात करोड़ के धान को चूहों के चट कर जाने की खबर को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। जकांछ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया क‍ि कबीरधाम जिले के बाजार चारभाठा धान संग्रहण केंद्र पहुंचकर चूहों (मुसवा) की तलाश की, लेकिन उन्हें एक भी चूहा नहीं मिला। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि धान खाने वाले असली चूहे तो सरकार में बैठे हैं।

बाजार चारभाठा धान संग्रहण केंद्र का वीडियो शेयर करते हुए अमित जोगी ने बताया कि बाजार चारभाटा, कबीरधाम में मुझे चप्पा-चप्पा छान मारने के बाद एक भी मुसवा नहीं मिला। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वैसे मिलेगा भी कैसे? मुसवे यहाँ नहीं, धान का गबन और कमीशन वाले असली मुसवे तो सरकार में बैठे हैं।

दरअसल, कवर्धा जिले कबीरधाम के दो संग्रहण केंद्रों (बाजार चारभाठा और बघर्रा) से 26,000 क्विंटल धान की कमी पाई गई है, जिसकी कीमत करीब सात करोड़ रुपये है। जिला विपणन अधिकारी ने कहा कि धान खुले में रखे होने के कारण मौसम, चूहे, दीमक और कीटों के कारण खराब हो गया है।

इस बयान के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए ‘चूहा पकड़ो अभियान’ चलाया और ‘वांटेड चूहे’ के पोस्टर लगाकर घोटाले में जिम्मेदार अधिकारियों और बड़े लोगों की तलाश की मांग की है।

इस बीच मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बाजार चारभाठा धान संग्रहण केंद्र में भारी मात्रा में धान की कमी सामने आने के बाद संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं मामले को लेकर विवादित बयान देने वाले जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) अभिषेक मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है।

You might also like!