भारत-अमेरिका समझौते से ऊर्जा की जरूरतें पूरी होंगी, प्रतिस्पर्धी कीमत पर मिलेगा कच्‍चा तेल: गोयल


व्यापार 14 February 2026
post

भारत-अमेरिका समझौते से ऊर्जा की जरूरतें पूरी होंगी, प्रतिस्पर्धी कीमत पर मिलेगा कच्‍चा तेल: गोयल

मुंबई, 14 फरवरी । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को यहां कहा कि भारत एवं अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम व्यापार समझौता देश की ऊर्जा जरूरतों को भी शामिल करेगा। इससे भारत को कच्चा तेल अधिक प्रतिस्पर्धी दरों पर हासिल करने में मदद मिलेगी।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि इस समझौते में किसानों के सभी हितों को पूरी तरीके से सुरक्षित रखा गया है। गोयल ने कहा कि भारत और अमेरिका ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई है और सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत प्रस्तावित 500 अरब डॉलर के व्यापार में कच्चा तेल, एलएनजी और रसोई गैस जैसी भारत की ऊर्जा जरूरतें भी शामिल होंगी।

गोयल ने कहा, “भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसकी ऊर्जा मांग प्रतिवर्ष लगभग सात प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। आयात बढ़ाने और आपूर्तिकर्ताओं की संख्या अधिक होने से कच्चा तेल अधिक प्रतिस्पर्धी कीमतों पर प्राप्त किया जा सकेगा।”

उल्‍लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने पिछले हफ्ते एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति की घोषणा की थी। इसके तहत कई वस्तुओं पर आयात शुल्क में कटौती कर द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा दिया जाएगा। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है, जबकि भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक उत्पादों और खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक व्यापक शृंखला पर आयात शुल्क खत्म कर देगा या उसमें कटौती करेगा।

You might also like!