केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि ग्लोबल हॉर्टिकल्चर हब बागवानी क्षेत्र को मजबूत करेगा और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र के किसानों के लिए बेहतर अवसर पैदा करेगा।
श्रीमती सीतारमण ने कल अन्नामय्या जिले के मदनपल्ले में रायलसीमा ग्लोबल हॉर्टिकल्चर हब परियोजना और भारतीय कृषि विद्यालय की आधारशिला रखी। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण उपस्थित थे।
इस अवसर पर बोलते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आंध्र प्रदेश को एक प्रमुख बागवानी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को सहयोग देने और उनकी आय में सुधार लाने के लिए बेहतर जल प्रबंधन, आधुनिक प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर बल दिया।
वित्त मंत्री ने पीएम-किसान, फसल बीमा और पीएम-कुसुम सहित केंद्र सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन के अनुकूल फसलों की किस्मों और सौर ऊर्जा से चलने वाले कृषि पंपों को बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि विद्यालय किसानों को आधुनिक प्रौद्योगिकी, वैज्ञानिक पद्धतियों और अनुसंधान को अपनाने में मदद करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान विश्व स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित होगा।
ग्लोबल हॉर्टिकल्चर हब दस जिलों को कवर करेगा और आम, केला, टमाटर और अनार सहित फसलों को बढ़ावा देगा। यह परियोजना तीन चरणों में लागू की जाएगी, जिसमें लगभग एक लाख करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा।

















