मुंबई, 19 नवंबर। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' में तमाशा कलाकार की भूमिका को पर्दे पर जीवंत करने के लिए हर छोटी-बड़ी बारीकी पर ध्यान दे रही हैं। फिल्म में उनके पारंपरिक लुक को वास्तविक बनाने के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनर शीतल शर्मा ने विशेष तैयारी की। 'ईठा' के कॉस्ट्यूम को लेकर शीतल शर्मा ने श्रद्धा कपूर की तैयारियों के राज खाेलते हुए बताया कि नौवारी साड़ी में रिहर्सल करती थीं।
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म 'ईठा' में तमाशा कलाकार की भूमिका को पर्दे पर जीवंत करने के लिए हर छोटी-बड़ी बारीकी पर ध्यान दे रही हैं। फिल्म में उनके पारंपरिक लुक को वास्तविक बनाने के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनर शीतल शर्मा ने विशेष तैयारी की। उन्होंने बताया कि टीम ने पहले से सिली हुई नौवारी साड़ियों का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला किया था। इसके बजाय श्रद्धा को डांस रिहर्सल के दौरान भी नौ गज की साड़ी पारंपरिक तरीके से पहनाई जाती थी, ताकि वह इस पहनावे में सहज हो सकें और शूटिंग के दौरान उनके डांस में किसी तरह की परेशानी न आए।
शीतल शर्मा के मुताबिक, फिल्म में श्रद्धा का किरदार एक प्रतिष्ठित तमाशा कलाकार का है, इसलिए उनके पहनावे को सामान्य पारंपरिक परिधानों से अलग रखा गया। इसके लिए पैठणी साड़ियों के साथ कर्नाटक, मध्य प्रदेश और कांचीपुरम से भी खास कपड़े मंगवाए गए। अलग-अलग क्षेत्रों की पारंपरिक बुनावट और कपड़ों को नौवारी साड़ियों के रूप में तैयार किया गया। टीम का उद्देश्य किरदार के व्यक्तित्व और उसकी मंचीय पहचान को पोशाक के जरिए भी वास्तविक रूप देना था।
फिल्म के डांस दृश्यों में प्रामाणिकता लाने के लिए आभूषणों और अन्य साजो-सामान पर भी विशेष ध्यान दिया गया। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने धातु की जंजीरों से जुड़े पारंपरिक घुंघरुओं का इस्तेमाल करने का फैसला किया, जिनकी प्रत्येक जोड़ी का वजन करीब छह किलो था। इसके अलावा, किरदार और तमाशा संस्कृति को बेहतर ढंग से समझने के लिए टीम ने कोल्हापुर और पुणे में वरिष्ठ तमाशा कलाकारों तथा संगीतकारों से मुलाकात की।
शीतल शर्मा ने बताया कि उन्हें पुराने दौर के उन भव्य कार्यक्रमों के किस्से सुनने को मिले, जिनमें हजारों दर्शक शामिल होते थे। टीम ने उसी उत्साह और रंगीन मंचीय परंपरा को फिल्म में उतारने की कोशिश की है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के निर्माता दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा हैं। यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नौवारी साड़ी में रिहर्सल करती थीं श्रद्धा कपूर, 'ईठा' के कॉस्ट्यूम को लेकर शीतल शर्मा ने खोले राज
















