डीजीसीए ने परिचालन संकट को लेकर स्पाइसजेट से मांगा जवाब


व्यापार 20 November 2026
post

डीजीसीए ने परिचालन संकट को लेकर स्पाइसजेट से मांगा जवाब

नई दिल्ली, 20 नवंबर । नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने परिचालन संकट और नियमों के उल्लंघन को लेकर स्पाइसजेट को सात दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया है। डीजीसीए ने एयरलाइन से पूछा है कि नियमों के उल्लंघन पर उसके खिलाफ क्यों न कार्रवाई की जाए।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक डीजीसीए ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में एयरलाइन के परिचालन प्रदर्शन में लगातार गिरावट, समय पर उड़ान संचालन में कमी और उड़ानों में देरी एवं रद्द होने की बढ़ती घटनाओं पर स्पष्टीकरण मांगा है। नियामक ने स्वीकृत उड़ान कार्यक्रम का पालन नहीं करने, उड़ानों में व्यवधान के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी और यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया है।

डीजीसीए ने कहा कि स्पाइसजेट के बेड़े के अधिकांश विमान जमीन पर खड़े हैं और एयरलाइन इन विमानों को दोबारा सेवा में लाने के लिए कोई विश्वसनीय योजना पेश करने में नाकाम रही है। इसके साथ ही नियामक ने अनिवार्य बीमा कवर के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता के साथ-साथ सेवा प्रदाताओं को भुगतान में देरी से परिचालन में आ रही बाधाओं पर विदेशी विमानन नियामकों की ओर से जताई गई चिंताओं का भी उल्लेख किया है।

नागर विमानन महानिदेशालय ने एयरलाइन से पहले लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं करने पर भी जवाब मांगा है। नोटिस के मुताबिक बार-बार याद दिलाए जाने के बावजूद एयरलाइन ने यह जुर्माना नहीं चुकाया है।

वहीं, दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी डायल ने आज लगातार दूसरे दिन एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि स्पाइसजेट के सामने आ रही परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

विमानन कंपनी को यह नोटिस ऐसे समय जारी किया गया है जब इसके एक दिन बाद 18 नवंबर को स्पाइसजेट के निदेशक मंडल ने वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

एयरलाइन निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन के लिए पात्रता संबंधी शर्तों को पूरा करने में भी विफल रही है। इसके अलावा मई में कार्रवाई और जुर्माना लगाए जाने के बावजूद वह मार्ग वितरण दिशानिर्देशों (आरडीजी) का बार-बार पालन करने में विफल रही है। हालांकि, पहले लगाए गए जुर्माने का ब्योरा तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका। इस संबंध में स्पाइसजेट की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।

उल्लेखनीय है कि एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी भी सितंबर में घटकर 0.6 फीसदी रह गई, जो अगस्त में 1.2 फीसदी थी। बीएसई ने भी डीजीसीए के कारण बताओ नोटिस से जुड़ी खबरों पर एयरलाइन से स्पष्टीकरण मांगा है।

You might also like!