नई टिहरी, 20 मई । चम्बा-आराकोट मार्ग पर सत्यों-सकलाना क्षेत्र के नवागांव में बुधवार प्रातः एक हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का यह हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा था।
बताया गया कि उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने पर पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को खेतों में सुरक्षित उतार लिया। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को क्षति पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए गए। प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों को सुरक्षित पाया गया है। घटना के कारणों की विस्तृत जांच तकनीकी एवं एविएशन एजेंसियों की ओर से की जा रही है।
चम्बा-आराकोट मार्ग पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित




.jpg)











