जगदलपुर, 20 मई । नेताजी सुभाष चंद्र बोस तरणताल (स्विमिंग पूल) की सुविधा शहरवासियों को जल्द ही मिलने जा रही है। दो बार निविदा निकालने के बाद भी किसी ने भी निविदा नहीं भरा। इसके बाद यह निर्णय लिया गया कि स्विमिंग पूल का संचालन नगर निगम स्वयं करेगी। स्विमिंग पूल का निरीक्षण आज बुधवार काे महापौर संजय पांडेय ने नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा एवं एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही के साथ किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्विमिंग पूल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। इसके अलावा विद्युत व्यवस्था, साउंड सिस्टम, चेंजिंग रूम, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अब जल्द ही उपलब्ध संसाधनों के आधार पर इसे शुरू किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा गया कि सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण कर आम नागरिकों के लिए स्विमिंग पूल प्रारंभ किया जाए। महापौर ने कहा कि गर्मी के मौसम में स्विमिंग पूल शुरू होने से शहरवासियों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को राहत एवं मनोरंजन का बेहतर साधन मिलेगा।
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस तरणताल को जल्द ही आम जनता के लिए प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई व सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए कहा। गर्मी के दिनों में यह स्विमिंग पूल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा तथा लोगों को बेहतर मनोरंजन और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएगा।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस तरणताल जल्द होगा शुरू : महापौर















