शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले


व्यापार 09 October 2026
post

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर   घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलते ही बिकवाली का मामूली दबाव भी बना, लेकिन कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। लिवाली के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.95 प्रतिशत और निफ्टी 0.98 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 183.43 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 71,776.67 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने पर इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक ने सरपट चाल में चलना शुरू कर दिया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 680.47 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की मजबूती के साथ 72,273.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 83.15 अंक यानी 0.37 प्रतिशत उछल कर 22,314.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक लाल निशान में 22,294.75 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से कुछ देर में ही यह सूचकांक रिकवर होकर हरे निशान में पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 217.25 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,449.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,421 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,391 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,030 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 5 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टीसीएस, एचडीएफसी लाइफ, मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल और इन्फोसिस के शेयर 5.06 प्रतिशत से लेकर 2.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बीएसई लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सिप्ला और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 1.29 प्रतिशत से लेकर 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 1,045.46 अंक यानी 1.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,593.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 371.25 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,231.80 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

You might also like!