रायपुर 24 नवंबर । कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी के ठंडे पानी में आस्था की डुबकी लगाई। हर साल की परंपरा को निभाते हुए इस बार भी उन्होंने गुलाटी मारकर नदी में छलांग लगाई और पवित्र स्नान किया। इसके बाद उन्होंने हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही महादेव घाट में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। बड़ी संख्या में लोग खारुन नदी में पवित्र स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। धार्मिक मान्यता के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर नदी में स्नान, दीपदान और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी महादेव घाट पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उनके आगमन के दौरान घाट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।
नदी में स्नान के बाद भूपेश बघेल ने दीपदान किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने परंपरानुसार हटकेश्वर महादेव को जल अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
उल्लेखनीय है कि महादेव घाट राजधानी रायपुर का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। कार्तिक पूर्णिमा सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों पर यहां आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेव घाट में आज से तीन दिवसीय मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
महादेव घाट स्थित प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर छत्तीसगढ़ की धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस मंदिर का संबंध कलचुरी शासनकाल से माना जाता है। प्रचलित ऐतिहासिक विवरणों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मंदिर का निर्माण कलचुरी राजा ब्रह्मदेव के शासनकाल में हुआ था। कुछ विवरणों में इसका निर्माण वर्ष 1402 ईस्वी के आसपास बताया गया है, जबकि अन्य स्थानीय कथाओं में अलग-अलग तिथियों का उल्लेख मिलता है।
लोकमान्यता के अनुसार खारून नदी के किनारे भगवान शिव की आराधना और कार्तिक पूर्णिमा पर पुण्य स्नान की परंपरा लंबे समय से प्रचलित है। समय के साथ इस धार्मिक आयोजन ने विशाल मेले का स्वरूप धारण कर लिया। मंदिर की प्राचीनता, शिवभक्ति की परंपरा और खारून नदी के प्रति श्रद्धा ने महादेव घाट को रायपुर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में प्रतिष्ठित किया है।
भारतीय धार्मिक परंपराओं में कार्तिक पूर्णिमा को अत्यंत पवित्र माना गया है। इस दिन नदी में स्नान, भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना, दीपदान तथा दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र जल में स्नान करने और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
महादेव घाट में श्रद्धालु प्रातःकाल खारून नदी में स्नान कर भगवान हटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक करते हैं। मंदिर में बेलपत्र, पुष्प और जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की जाती है। नदी के किनारे दीप प्रज्वलित करने की परंपरा इस आयोजन को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करती है।
कार्तिक पूर्णिमा पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खारुन नदी में लगाई आस्था की डुबकी
















