मप्र के देवास पटाखा फैक्टरी हादसे में घायल दो और मजदूरों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 8 हुई


देश 23 May 2026
post

मप्र के देवास पटाखा फैक्टरी हादसे में घायल दो और मजदूरों ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 8 हुई

भोपाल/देवास, 23 मई । मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककलां में हुए पटाखा फैक्टरी हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे दो और गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों ने शुक्रवार रात दम तोड़ दिया।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, शुक्रवार रात जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान अजय और निरंजन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। धमाके के बाद से ही दोनों को इंदौर के एमवाय अस्पताल की बर्न यूनिट में वेंटिलेटर और क्रिटिकल केयर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने बताया कि बर्न यूनिट में संक्रमण (इंफेक्शन) के खतरे को देखते हुए पांच नर्सिंग कर्मचारियों की शिफ्ट वाइज 24 घंटे स्पेशल ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद दोनों को नहीं बचाया जा सका। इससे पहले बीते सोमवार रात को भी एमवायएच में भर्ती एक अन्य 20 वर्षीय मजदूर राम पुत्र मुकेश कुमार की मौत हो गई थी।

इस हादसे के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए विशाल (25 वर्ष) को लेकर राहत भरी खबर आई है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि विशाल हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) जम गया था। न्यूरो सर्जरी वार्ड में लगातार निगरानी में रहने के बाद अब विशाल की हालत में काफी सुधार है और उसे आज दोपहर 1 बजे के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। इंदौर के ही चोइथराम हॉस्पिटल में भर्ती चार घायलों में से तीन मरीजों को सोमवार को डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहां अब सिर्फ एक मरीज का इलाज चल रहा है, जिसकी स्थिति बेहतर है और उसे आगामी बुधवार को छुट्टी दे दी जाएगी।

गौरतलब है कि 14 मई को देवास के टोंककलां स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए जोरदार धमाके में 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर ही तीन मजदूरों धीरज, सनी और सुमित की मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद अमलतास अस्पताल में उपचार के दौरान दो और मजदूरों अमर और गुड्डू ने दम तोड़ा। अब राम, अजय और निरंजन की मौत के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 8 हो गया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन पहले ही मुख्य निवेशक मुकेश विज सहित 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुका है।

You might also like!