पीएसी की रिपोर्ट के बाद एनएचएआई ने दूर कीं कई खामियां: वेणुगोपाल


देश 15 July 2026
post

पीएसी की रिपोर्ट के बाद एनएचएआई ने दूर कीं कई खामियां: वेणुगोपाल

नई दिल्ली, 15 जुलाई । लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा, टोल टैक्स, विभिन्न लेवी और राजमार्ग निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ हुई बैठक सार्थक रही। उन्होंने कहा कि पीएसी की रिपोर्ट में जिन कमियों की ओर ध्यान दिलाया गया था, उनमें से कई प्रमुख मुद्दों का समाधान एनएचएआई ने कर दिया है।

वेणुगोपाल ने संसद परिसर में हुई पीएसी की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि समिति ने पहले संसद में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के डिजाइन और निर्माण से जुड़ी कई खामियों को उजागर किया गया था। रिपोर्ट में सड़क सुरक्षा से जुड़े पहलुओं, टोल वसूली व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता पर विशेष चिंता व्यक्त की गई थी।

उन्होंने कहा कि समिति को यह जानकर संतोष हुआ कि एनएचएआई ने रिपोर्ट में उठाए गए कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर कार्रवाई की है और कुछ प्रमुख चिंताओं का समाधान किया गया है। बैठक में सार्वजनिक अवसंरचना परियोजनाओं से जुड़े शुल्क और उपयोगकर्ता प्रभार सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि पीएसी सार्वजनिक धन से निर्मित अवसंरचना परियोजनाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रही है और भविष्य में भी इस संबंध में आवश्यक सुझाव देती रहेगी।

You might also like!