भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने आइची-नागोया में 2026 एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह से पहले आयोजित आधिकारिक स्वागत समारोह में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री से मुलाकात की।
पीटी उषा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए इस स्वागत समारोह को एकता, सहयोग और साझा दृष्टिकोण का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि चर्चा का मुख्य विषय वैश्विक खेल संबंधों को मजबूत करना था।
उषा ने स्वागत समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया की उपस्थिति पर भी प्रकाश डाला और कहा कि हितधारक एथलीटों का समर्थन करने और अंतरराष्ट्रीय खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कबड्डी के स्टार खिलाड़ी पवन सहरावत और ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने शनिवार को एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व किया।
पालोमा मिज़ुहो स्टेडियम में आयोजित समारोह के साथ 20वें एशियाई खेलों का औपचारिक उद्घाटन हुआ। भारत की ओर से 36 खेलों में 503 खिलाड़ियों का दल भाग ले रहा है।
भारत ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर खेलों में अपना पदक खाता खोला। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।
अन्य स्पर्धाओं में, सुचिका तारियाल ने क्वार्टरफाइनल में मंगोलिया की अल्तांचिमेग बैगलमा को हराकर महिलाओं के पारंपरिक 60 किलोग्राम एमएमए स्पर्धा में भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया।
भारत की महिला हॉकी टीम ने भी उज्बेकिस्तान पर 19-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, जबकि महिला टेबल टेनिस टीम ने ग्रुप एफ के अपने मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।
















