हामिद अंसारी के बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया 'अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर जाने का आरोप


देश 21 September 2026
post

हामिद अंसारी के बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया 'अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर जाने का आरोप

नई दिल्ली, 21 सितंबर   पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर 'अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर जाने का आरोप लगाया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस कम्युनिस्ट विचारधारा के करीब पहुंच गई है।

भाजपा मुख्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में सुधांशु त्रिवेदी ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी साहब ने वर्ष 2019 में लिखी गई एक किताब को उद्धृत करते हुए कहा कि बकौल नेहरू के अनुसार उनके लिए कम्युनिज्म उतना बड़ा खतरा नहीं था, जितना हिंदू राष्ट्रवाद। यानी, कम्युनिज्म को भी वो एक खतरा मानते थे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति द्वारा नेहरू के संदर्भ में कम्युनिज्म और हिंदू राष्ट्रवाद को लेकर की गई टिप्पणी कांग्रेस की वर्तमान विचारधारा पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज की कांग्रेस कथित तौर पर ‘अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर जा चुकी है और कम्युनिस्ट विचारधारा के करीब पहुंच गई है। उन्होंने कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’ तक कह दिया। भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के 2 जून, 2023 को वॉशिंगटन डीसी में प्रेस क्लब में दिए गए कथित बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उस दौरान मुस्लिमों को ‘पूरी तरह सेक्युलर’ बताया था। भाजपा नेता ने केरल में कांग्रेस के इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन को लेकर भी सवाल उठाए और मुस्लिम लीग के ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख किया।

उन्होंने कांग्रेस की वर्तमान राजनीतिक शैली पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी वास्तविक रचनात्मकता और दृष्टि के अभाव में ‘लाफ्टर शो से स्टैंडअप कॉमेडी और स्टैंडअप कॉमेडी से वल्गैरिटी’ की ओर चली गई है। उन्होंने कांग्रेस को इन मुद्दों पर विचार करने की सलाह दी। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि उनके आचरण से केवल संसद या नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा प्रभावित नहीं हुई है, बल्कि उनके अनुसार इससे कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार की गरिमा पर भी असर पड़ा है।

You might also like!