बीजापुर, 13 अगस्त । जिले के तर्रेम थाना पुलिस ने पुनर्वासित माओवादियों एवं ग्रामीणों के साथ आज गुरूवार काे बैठक आयोजित कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित माओवादियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया गया।
आत्मसमर्पित एवं पुनर्वासित माओवादियों से 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समाज के साथ मिलकर हर्षोल्लास एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने का आग्रह किया गया। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं पुनर्वासित माओवादियों को शांति, सद्भाव एवं विकास की दिशा में आगे बढ़ने की समझाइश दी गई। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस द्वारा पुनर्वासित माओवादियों की थाना स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है। उन्हें समाज में बेहतर तरीके से पुनर्स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
बैठक के दौरान पुनर्वासित माओवादियों को शासन की पुनर्वास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। परिवार के साथ सामान्य जीवन जीने पर जोर दिया गया। भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास करने की अपील की गई। ग्रामीणों से गांव एवं आसपास के क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने को भी कहा गया। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया। इससे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रह सकेगा। शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
आत्मसमर्पित-पुनर्वासित नक्सलियों से समाज के साथ 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मनाने का आग्रह

















