देश का निर्यात जुलाई में 19.63 फीसदी बढ़कर 44.24 अरब डॉलर पर पहुंचा


व्यापार 13 August 2026
post

देश का निर्यात जुलाई में 19.63 फीसदी बढ़कर 44.24 अरब डॉलर पर पहुंचा

नई दिल्ली, 13 अगस्त  देश का निर्यात चालू वित्त वर्ष 2026-27 के जुलाई महीने में 19.63 फीसदी बढ़कर 44.24 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान आयात करीब 17.52 फीसदी बढ़कर 76.22 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जिससे व्यापार घाटा बढ़कर 31.98 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने जारी आंकड़ों में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जुलाई के दौरान निर्यात 17.04 फीसदी की बढ़त के साथ 173.78 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 19.27 फीसदी बढ़कर 292.38 अरब डॉलर रहा। मंत्रालय के मुताबिक जुलाई, 2026 के लिए देश का कुल निर्यात (सामान और सेवाओं को मिलाकर) 80.14 अरब यूएस डॉलर होने का अनुमान है, जो जुलाई, 2025 की तुलना में यह 13.31 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। जुलाई के लिए कुल आयात (सामान और सेवाओं को मिलाकर) 95.16 अरब यूएस डॉलर होने का अनुमान है, जो जुलाई 2025 की तुलना में 15.83 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने व्यापार आंकड़ों पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जुलाई महीने में पश्चिम एशियाई देशों को भारत का निर्यात 8.62 फीसदी बढ़कर 5.7 अरब डॉलर हो गया। अग्रवाल ने बताया कि देश के निर्यात में वृद्धि पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और समुद्री उत्पादों के अधिक निर्यात की वजह से हुई।

You might also like!