लखनऊ, 13 अगस्त उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित यूपीटी-20 लीग के सीजन-4 का आधिकारिक काउंटडाउन शुरू हो गया है। लखनऊ में कप्तानों की बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने आगामी सत्र की रूपरेखा और कई विशेष पहलों की घोषणा की।यूपीटी-20 लीग सीजन-4 का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर तक किया जाएगा। 34 मैचों वाले इस टूर्नामेंट में कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दांव पर होगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी छह टीमों के कप्तान मंच पर मौजूद रहे। इनमें लखनऊ फाल्कन्स के भुवनेश्वर कुमार, मेरठ मेवरिक्स के रिंकू सिंह, कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक, गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल और काशी रुद्रास की ओर से भूपेंद्र यादव शामिल थे।
लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “यह लीग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हम सभी की है। मीडिया हमारे परिवार का हिस्सा है। जब तक आप पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे, न तो साउंडबाइट रुकेंगे और न ही तस्वीरें। अगर कोई कमी रह गई हो तो हमें माफ कीजिएगा; हम सब मिलकर इस महोत्सव को सफल बनाएंगे।”
यूपीटी-20 लीग का आगाज 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। समारोह में संगीतकार शंकर महादेवन और प्रसिद्ध गायिका जैस्मिन सैंडलास प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा ड्रोन और लाइट शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। दर्शकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए डॉ. कपूर ने कहा कि स्टेडियम में मिलने वाले सभी खाद्य पदार्थ और पेय, जिसमें पीने का पानी भी शामिल है, अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही बेचे जाएंगे।
जमीनी स्तर से प्रतिभाओं को सामने लाने में लीग की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए डॉ. कपूर ने यूपीसीए स्पीड हंट का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “हमने स्पीड हंट के लिए कोई ट्रायल फीस नहीं ली। शुंभम गौतम ने 144-145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की। वह 2.5 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में आया और आखिरकार 21.5 लाख रुपये में बिका। यह इस लीग की सबसे बड़ी सफलता है।”
लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पिछले दो सत्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा, “पिछले दो सत्रों में हमारी टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा और हम ट्रॉफी जीतने से चूक गए। इस बार हमने नीलामी में अपनी कमजोरियों को पहचाना और एक संतुलित टीम तैयार की है। आईपीएल का अनुभव उपयोगी होगा, लेकिन टी-20 क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है। इस बार हम सकारात्मक माहौल के साथ मैदान पर उतरेंगे और खिताब जीतने की कोशिश करेंगे।”
मेरठ मेवरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी टीम पर भरोसा जताते हुए कहा, “हमारी टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हम पिछले तीन सत्रों में फाइनल खेले हैं और खिताब भी जीता है। कप्तानी का कोई दबाव नहीं है; हम चुनौतियों के लिए तैयार हैं। मेरी रणनीति बहुत सीधी है। मैं टीम के हर खिलाड़ी से कहता हूं कि जब भी उसे मौका मिले, बिना किसी दबाव के मैदान पर अपना 100 प्रतिशत दे।”
दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा बीमारी के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से भूपेंद्र यादव ने कहा, “हमारे कप्तान करण शर्मा बीमारी के कारण आज मौजूद नहीं हो सके, लेकिन पिछले कई सप्ताह से चल रहे प्रशिक्षण शिविरों की वजह से हमारी तैयारियां बहुत मजबूत हैं। गत चैंपियन के रूप में उतरना एक जिम्मेदारी है। नतीजा हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन हम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे।”
युवा कप्तानों समीर रिजवी, माधव कौशिक और आर्यन जुयाल ने भी कहा कि यूपीटी-20 लीग उन्हें अपनी प्रतिभा साबित करने का शानदार मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने इस सत्र में टीमों में शामिल किए गए नए और ऊर्जावान खिलाड़ियों का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे प्रतियोगिता और रोमांचक होने की उम्मीद है।
लीग का प्रसारण दुनिया के 150 देशों में किया जाएगा, जबकि भारत में दर्शक मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स-2 पर देख सकेंगे।
यूपीटी-20 लीग सीजन-4 का आगाज 14 अगस्त से, 34 मैचों में दांव पर होगी 3 करोड़ रूपये की पुरस्कार राशि

















