अहमदाबाद, 19 सितंबर अडानी ग्रुप ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के साथ प्रमुख प्रायोजक के रूप में अपनी साझेदारी का नवीनीकरण किया है। इसके साथ ही ग्रुप ने भारतीय खेल और सर्वोच्च स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के प्रति अपने दीर्घकालिक समर्थन की प्रतिबद्धता दोहराई है।
यह साझेदारी ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भी जारी थी, जहां भारत 39 पदकों- 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर रही। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होने वाले एशियाई खेलों के साथ आईओए के साथ यह नवीनीकृत साझेदारी जारी रहेगी।
अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अडानी ने एक बयान में कहा कि भारतीय एथलीट वैश्विक मंच पर लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमें खुशी है कि हमने भारतीय ओलंपिक संघ के साथ अपनी साझेदारी को नवीनीकृत किया है। अहमदाबाद में 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स होने वाले हैं, ऐसे में एक मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण समय है। अपने ‘गर्व है’ पहल के माध्यम से हम भारत की खेल प्रतिभाओं को समर्थन देने और हमारे खिलाड़ियों को उनकी पूरी क्षमता हासिल करने में मदद करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा ने कहा कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा और बढ़ती ताकत को दर्शाता है। भारतीय ओलंपिक संघ के साथ अपनी साझेदारी जारी रखने के लिए हम अडानी ग्रुप के आभारी हैं। एशियाई खेलों और 2030 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स को देखते हुए, हमारे खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी और सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए इस तरह का समर्थन महत्वपूर्ण होगा। भारतीय खेलों के आगे बढ़ने के साथ हम इस साझेदारी को जारी रखने की उम्मीद करते हैं।
वर्षों से अडानी ग्रुप ने जमीनी स्तर पर खेलों के विकास, खिलाड़ियों के समर्थन, सामुदायिक भागीदारी और पेशेवर खेलों को शामिल करते हुए व्यापक खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है। अपने ‘गर्व है’ पहल के माध्यम से ग्रुप ने उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने की उनकी यात्रा में समर्थन दिया है। विभिन्न लीगों में फ्रेंचाइजी स्वामित्व के जरिए पेशेवर खेलों में भी ग्रुप की भागीदारी है।
अदाणी ग्रुप ने आईओए के साथ अपनी साझेदारी का नवीनीकरण किया















