न्यूयॉर्क पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति, समझौता न होने पर ट्रंप ने इस्लामिक रिपब्लिक को खत्म करने की धमकी दी


विदेश 23 September 2026
post

न्यूयॉर्क पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति, समझौता न होने पर ट्रंप ने इस्लामिक रिपब्लिक को खत्म करने की धमकी दी

न्यूयॉर्क, 23 सितंबर । ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान मंगलवार (स्थानीय समय) को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र में हिस्सा लेने के लिए न्यूयॉर्क पहुंच गए। वह युद्ध पर ईरान का पक्ष रखेंगे और तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक समाधान की कोशिश करेंगे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चेतावनी दे चुके हैं कि अगर समझौता नहीं हुआ तो वे इस्लामिक रिपब्लिक को खत्म कर देंगे।

इरना और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पेजेश्कियान बुधवार सुबह महासभा के सत्र को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि वह इस दौरान संघर्ष, कथित अपराधों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं पर ईरान के अविश्वास जैसे मुद्दों पर तेहरान का पक्ष रखेंगे। न्यूयॉर्क रवाना होने से पहले पेजेश्कियान ने कहा "हम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ईरान का पक्ष मजबूती से रखेंगे। संयुक्त राष्ट्र में हम जो मुद्दे उठाएंगे, उनमें ईरानी जनता की दयनीय स्थिति, हुए अपराध और पैदा हुए अविश्वास को उजागर करना शामिल है। हम कई बार बातचीत की मेज पर बैठे और समझौतों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन दुर्भाग्य से, पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे वादे पूरे नहीं किए गए और समझौतों को पैरों तले रौंद दिया गया।"

पेजेश्कियान का आगमन ट्रंप के संयुक्त राष्ट्र महासभा संबोधन के ठीक बाद हुआ, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ समझौता करने या इस्लामिक रिपब्लिक के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने के बीच एक विकल्प पेश किया। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर संघर्ष खत्म करने के लिए कोई समझौता नहीं हुआ तो वे इस्लामिक रिपब्लिक को खत्म कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बड़ा फैसला लेना है।

ट्रंप ने कहा कि ईरान इंतजार कर रहा है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है। उन्होंने कहा कि चुनाव का तेहरान के प्रति उनके नजरिए पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, "ईरान के मामले में मैं चुनाव को बिल्कुल भी अहमियत नहीं देता और न ही दूंगा। यह मेरे दिमाग में भी नहीं आता। मेरे लिए सिर्फ एक ही बात मायने रखती है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे।"

रिपोर्ट के अनुसार, जब ट्रंप ने तेहरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों के बारे में बोलना शुरू किया तो ईरानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने वॉकआउट करदिया। इरना के अनुसार, रवानगी से पहले पेजेश्कियान को पहले उप राष्ट्रपति मोहम्मद रजा अरेफ, सुप्रीम लीडर के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय मामलों के डिप्टी होज्जतोलइस्लाम वालमोस्लेमिन मोहसेन कोमी और ईरानी कैबिनेट के सदस्यों ने आधिकारिक तौर पर विदाई दी।



न्यूयॉर्क में प्रवास के दौरान, पेजेश्कियान वहां मौजूद राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। साथ ही अमेरिका में रहने वाले पढ़े-लिखे ईरानियों, अमेरिकी विशिष्ट लोगों और थिंक टैंक के साथ अलग-अलग बातचीत भी करेंगे। पेजेश्कियान का भाषण ऐसे समय में होगा जब संयुक्त राष्ट्र में वाशिंगटन और तेहरान के रुख में जबरदस्त मतभेद है।

You might also like!