‘स्वस्थ भारत का आधार’, आयुर्वेद दिवस पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से लेकर केशव प्रसाद मौर्य तक ने दी शुभकामनाएं


देश 23 September 2026
post

‘स्वस्थ भारत का आधार’, आयुर्वेद दिवस पर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से लेकर केशव प्रसाद मौर्य तक ने दी शुभकामनाएं

11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आज बुधवार को देशभर के नेताओं ने आयुर्वेद की प्राचीन परंपरा को नमन करते हुए सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर सभी नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए आयुर्वेद को केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर कहा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “आयुर्वेद भारत की हजारों वर्ष पुरानी ज्ञान परंपरा है, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में नई पहचान और नया विस्तार मिला है।” उन्होंने आगे कहा, “11वें आयुर्वेद दिवस पर ‘स्वास्थ्यवर्धक भविष्य के लिए आयुर्वेद’ का संकल्प हमें अपनी इस विरासत को आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था का और अधिक सशक्त आधार बनाने की प्रेरणा देता है। दिल्ली सरकार आयुर्वेद और आयुष सेवाओं को मजबूत कर इस अमूल्य भारतीय ज्ञान को जन-जन के स्वास्थ्य से जोड़ने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है।”

सीएम धामी ने कहा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा, “समस्त प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा परंपरा ही नहीं, बल्कि निरोगी जीवन, प्रकृति के साथ संतुलन और समग्र स्वास्थ्य की भारतीय जीवनदृष्टि है।”

उन्होंने केंद्र सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, राष्ट्रीय आयुष मिशन, आयुर्वेद शिक्षा एवं अनुसंधान तथा ‘देश का प्रकृति परीक्षण अभियान’ जैसे प्रयासों के माध्यम से आयुर्वेद और समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। आइए, इस अवसर पर आयुर्वेद की समृद्ध विरासत को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने और स्वस्थ, निरोगी एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प लें।”

भजनलाल शर्मा ने कहा-आयुर्वेद भारत की समृद्ध चिकित्सा एवं ज्ञान परंपरा

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, “आयुर्वेद भारत की समृद्ध चिकित्सा एवं ज्ञान परंपरा है, जो स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित दिनचर्या और प्रकृति के साथ सामंजस्य का मार्ग प्रशस्त करती है। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर इस प्राचीन विरासत को नमन करते हुए, आइए आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने के साथ ही स्वस्थ समाज के निर्माण के संकल्प को सशक्त करें।”

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “आप सभी को आयुर्वेद दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की समृद्ध आयुर्वेदिक ज्ञान परंपरा को वैश्विक पहचान मिल रही है। आयुर्वेद को आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ते हुए अनुसंधान, शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। आइए, आयुर्वेद के सिद्धांतों और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें तथा हमारी गौरवशाली चिकित्सा परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।”

You might also like!