रायगढ़, 16 अक्टूबर । शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ रॉयल द्वारा 19 अक्टूबर को होटल श्रेष्ठा में ‘रॉयल गरबा 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा, बॉलीवुड संगीत, डांडिया और आकर्षक प्रतियोगिताओं के साथ शहरवासी उत्सव का आनंद लेंगे।
आज शुक्रवार को आयोजन की जानकारी देते हुए प्रोग्राम डायरेक्टर सुशील रामदास अग्रवाल, प्रोग्राम चेयरमैन आशीष महमिया, क्लब अध्यक्ष संतोष अग्रवाल एवं सचिव अंकित कलानोरिया ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका रुपाली जग्गा अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगी, वहीं मुंबई की डीजे सोनल की डिस्को डांडिया प्रस्तुति कार्यक्रम में उत्साह का रंग भरेगी। दास साउंड की संगीत व्यवस्था और एंकर शिवम का मंच संचालन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
लकी ड्रॉ में इलेक्ट्रिक स्कूटर और डायमंड रिंग
आयोजन में प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ के तहत प्रथम पुरस्कार इलेक्ट्रिक स्कूटर और द्वितीय पुरस्कार डायमंड रिंग रखा गया है। इसके अलावा ग्रुप डांस, बेस्ट रॉयल ग्रुप, बेस्ट थीम, बेस्ट ड्रेसअप, रॉयल डांडिया किंग-क्वीन, एनर्जेटिक किंग-क्वीन, रॉयल कपल और 8 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए बेस्ट रॉयल किड्स जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। मेहमानों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री फूड की व्यवस्था भी रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी शामिल होंगे। सम्मानित अतिथियों में डीजी रोटे आलम सिंह रूपरा और रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, रोटरी क्लब की टीम ओजस्वी इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारंपरिक गरबा और पारिवारिक उत्सव की भावना को प्रोत्साहित करना चाहती है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्लब के सभी सदस्य जुटे हुए हैं।
19 अक्टूबर को सजेगी ‘रॉयल गरबा 2026’ की भव्य शाम, रुपाली जग्गा बिखेरेंगी सुरों का जादू

















