रायपुर दिल्ली में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं की आगे की रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर चाय पर हुई बैठक में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आंदोलन में सिर्फ एक दिन का ब्रेक है और आगे पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम किया जाएगा।
भूपेश बघेल ने कहा, “राहुल गांधी ने पहले ही सब कुछ कह दिया है। कल सिर्फ एक दिन का ब्रेक है। हम आगे के निर्देशों के अनुसार काम करेंगे।”
दिल्ली में 30 से ज्यादा कांग्रेस विधायक मौजूद
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के 30 से अधिक विधायक इन दिनों नई दिल्ली में हैं। सभी विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दिल्ली में हुए प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
कांग्रेस विधायक संदीप साहू के मुताबिक, पार्टी के निर्देशों के अनुसार विधायकों की फिलहाल तीन-चार दिन और दिल्ली में रहने की योजना है। उन्होंने भी कहा कि एक दिन के विराम के बाद आगे की कार्रवाई पार्टी के निर्देशों के अनुसार होगी।
राहुल गांधी ने आंदोलन जारी रखने की बात कही
राहुल गांधी ने अपने आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं, विपक्षी सांसदों, छात्र संगठनों और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों को चाय पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए चल रहा आंदोलन एकजुट होकर आगे बढ़ाया जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा, “हम यहां एकजुट होकर खड़े हैं। यह अलग-अलग नहीं, एक ही आंदोलन है। यह लोकतंत्र को फिर से बहाल करने वाला आंदोलन है।” उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को आंदोलन का लक्ष्य बताते हुए चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
खरगे ने प्रदर्शन को बताया सफल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के बाद कहा कि विपक्ष का प्रदर्शन सफल रहा और दिल्ली में पहली बार बड़ी संख्या में लोग जुटे। वहीं, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
सिर्फ एक दिन का ब्रेक, आगे के निर्देश पर करेंगे काम : भूपेश बघेल















