ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में बिकवाली का दबाव


व्यापार 22 October 2026
post

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में बिकवाली का दबाव

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर   ग्लोबल मार्केट से गुरुवार काे मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज सुबह गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा और प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। वहीं एशियाई बाजार में आज ज्यादातर जगहों पर बिकवाली की वजह से कमजोरी का रुख बना हुआ है।

अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान मजबूती का रुख दर्ज किया गया, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। डाउ डॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 360.21 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,856.09 अंक के स्तर पर पहुंच गया। वहीं एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 44.60 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 7,757.17 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह टेक-हैवी नैस्डेक कंपोजिट में भी अच्छी खरीदारी देखी गई। यह सूचकांक 278.04 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की शानदार तेजी के साथ 26,702.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज सुबह फिलहाल 155.92 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,700.17 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा, जिससे प्रमुख सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 340.62 अंक यानी 1.33 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 25,645.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह फ्रांस के सीएसी 40 इंडेक्स ने 83.19 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,921.68 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा ब्रिटेन का एफटीएसई 100 इंडेक्स भी 19.88 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,752.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज ज्यादातर जगहों पर कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से सिर्फ दो के सूचकांक आज मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि सात बड़े सूचकांकों में गिरावट की वजह से मंदी छाई हुई है। भारतीय बाजार के लिए शुरुआती संकेत देने वाले गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 107.50 अंक यानी 0.47 प्रतिशत टूट कर 22,621.00 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिकी बाजार के सकारात्मक रुख के बावजूद जापान के बाजार में आज भारी बिकवाली देखी जा रही है। यहां निक्केई 225 इंडेक्स आज बंपर गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल जापान का यह सूचकांक 1,334.24 अंक यानी 2.06 प्रतिशत की भारी मंदी के साथ गिर कर 63,287 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स आज हल्की गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 8.98 अंक यानी 0.17 प्रतिशत फिसल कर 5,422.25 अंक के स्तर पर आ गया है। वहीं, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स आज जबरदस्त दबाव में दिख रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 671.87 अंक यानी 2.92 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 22,980 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

ताइवान वेटेड इंडेक्स में भी आज मुनाफावसूली का माहौल बना हुआ है, जिसके कारण यह सूचकांक 475.88 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ फिसल कर 46,411.89 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त गिरावट का रुख बना हुआ नजर आ रहा है। इस गिरावट के कारण फिलहाल कोस्पी इंडेक्स 175.78 अंक यानी 3.06 प्रतिशत फिसल कर 5,559.88 अंक के स्तर पर पहुंच गया है।

थाईलैंड के सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज हल्की मजबूती देखी जा रही है और फिलहाल यह सूचकांक 4.97 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,561.06 के स्तर पर टिका हुआ है। इसके साथ ही जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज खरीदारी के चलते सुधार देखने को मिल रही है। फिलहाल यह सूचकांक 50.29 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ चढ़ कर 5,378.65 अंक के स्तर पर आ गया है। दूसरी ओर, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स आज गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। फिलहाल यह सूचकांक 33.17 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,679.86 अंक के स्तर पर बना हुआ है।

You might also like!