वाशिंगटन (अमेरिका), 16 नवंबर। संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अपना तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) भेजा है। इसके साथ ही मिडिल ईस्ट में अमेरिका के तीन एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप तैनात हो गए हैं। इससे मिडिल ईस्ट में अमेरिका की सैन्य मौजूदगी और मजबूत हो गई है।
एक्सिओस, सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, रूजवेल्ट रविवार को अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड के क्षेत्र में पहुंचा। संयुक्त राज्य अमेरिका के दो एयरक्राफ्ट कैरियर इस क्षेत्र में पहले से काम कर रहे थे। अब थियोडोर रूजवेल्ट के पहुंचने से इनकी संख्या तीन हो गई है। एयरक्राफ्ट कैरियर समुद्र में बड़े सैन्य अड्डे की तरह होता है। इससे लड़ाकू विमान उड़ान भर सकते हैं और सैन्य अभियान चलाए जा सकते हैं। इसके साथ युद्धपोतों का एक समूह भी रहता है, जिसे कैरियर स्ट्राइक ग्रुप कहा जाता है।
थियोडोर रूजवेल्ट को अमेरिका ने ऐसे समय पर भेजा है, जब उसका ईरान के साथ तनाव बढ़ रहा है। ईरान ने सप्ताहांत दावा किया कि उसने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है। ईरान ने शुक्रवार को दावा किया था कि उसने बहरीन में अमेरिका के शुरुआती चेतावनी देने वाले रडार सिस्टम को निशाना बनाया। हालांकि, अमेरिकी सेना ने रडार सिस्टम को नुकसान पहुंचने के ईरान के दावे को खारिज कर दिया। अमेरिका ने कहा कि उसकी सेना ने बहरीन की ओर बढ़ रहे ईरान के दो ड्रोन को बीच रास्ते में ही रोक लिया था।
इस तीसरे एयरक्राफ्ट कैरियर के पहुंचने की पुष्टि के बावजूद अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इसकी तैनाती की समय सीमा की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। सेंटकॉम मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना के अभियानों की निगरानी करता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि अमेरिका अपने तीनों एयरक्राफ्ट कैरियर इस क्षेत्र में कितने समय तक तैनात रखेगा। मध्य पूर्व में थियोडोर रूजवेल्ट के साथ अब यूएसएस जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश और यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन मौजूद हैं।
ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेशमंत्री काजेम गरीबाबादी का कहना है कि तेहरान "अमेरिका के पहले हमला करने का इंतजार नहीं करेगा।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि हो सकता है कि वाशिंगटन कूटनीति के जरिए समय खींच रहा हो, ताकि वह एक और हमले की तैयारी कर सके।
बहरीन में अमेरिकी दूतावास ने वहां मौजूद अपने नागरिकों के लिए एक सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इसमें उन्हें ईरान और हूती की ओर से होने वाले हमलों के खतरे के प्रति आगाह किया गया है। यह अलर्ट तब आया है जब मनामा ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरानी हमलों को नाकाम कर दिया।
मनामा ने इन हमलों को तेहरान की "सुनियोजित आक्रामकता" का हिस्सा बताया है। ईरान की नौसेना का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो टैंकर नौसैनिक माइन्स (समुद्री बारूदी सुरंगों) की चपेट में आ गए, जिससे उनमें आग लग गई। हाल के दिनों में इस तरह की यह सातवीं घटना है।
















