संसद का विशेष सत्र बुलाना स्वागतयोग्य, परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व और महिलाओं को मिलेंगे नए अवसर : मुख्यमंत्री साय


छत्तीसगढ़ 27 November 2026
post

संसद का विशेष सत्र बुलाना स्वागतयोग्य, परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व और महिलाओं को मिलेंगे नए अवसर : मुख्यमंत्री साय

रायपुर 27 नवंबर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि लोकतंत्र में व्यापक जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए जाने वाले कदम देश के लिए लाभकारी होंगे। उन्होंने कहा कि यदि संसद में परिसीमन विधेयक लाया जाता है, तो यह स्वागतयोग्य पहल होगी। परिसीमन से लोकसभा और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा तथा अधिक लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री साय आज शुक्रवार काे पत्रकारों से चर्चा के दौरान संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र, परिसीमन, महिला आरक्षण, कांग्रेस नेताओं के आरोपों से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन से विभिन्न क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और उनकी आवश्यकताओं तथा आकांक्षाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं में प्रभावी ढंग से सामने रखने का अवसर बढ़ेगा। इससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण होगा। महिला आरक्षण लागू होने से देश की माताओं-बहनों को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति समाज के सभी वर्गों की सहभागिता में निहित है और प्रतिनिधित्व का विस्तार इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस, जनता का विश्वास खोने के बाद लगा रही अनर्गल आरोप

संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है। लगातार चुनाव हारने से कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। देश की जनता का विश्वास खोने के बाद अब उनके पास अनर्गल आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की यह पुरानी आदत रही है कि जब चुनाव परिणाम उसके पक्ष में आते हैं, तब ईवीएम भी सही होती है, चुनाव आयोग भी सही होता है और पूरी चुनावी व्यवस्था पर उसे भरोसा रहता है। लेकिन जब जनता उसे नकार देती है, तो वही कांग्रेस ईवीएम, चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी लगातार हो रही चुनावी पराजय के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए। जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने के बजाय कांग्रेस के नेता अपनी विफलताओं का दोष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मढ़ने में लगे हुए हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति आज 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' जैसी हो गई है। चुनाव जीतने पर सब कुछ सही और हारने पर हर व्यवस्था में खामी निकालना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। देश की जनता कांग्रेस की इस दोहरी मानसिकता को अच्छी तरह समझ चुकी है।

You might also like!