भारत से किसी भी भगोड़े की वापसी हिंसा से नहीं प्रत्यर्पण संधि से ही संभव : बांग्लादेशी मंत्री कोबीर


विदेश 21 November 2026
post

भारत से किसी भी भगोड़े की वापसी हिंसा से नहीं प्रत्यर्पण संधि से ही संभव : बांग्लादेशी मंत्री कोबीर

ढाका, 21 नवंबर । बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने कहा है कि हिंसा और पेट्रोल बम हमलों के जरिए दिल्ली में रह रहे भगोड़ों को वापस लाने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत से किसी भी भगोड़े की वापसी केवल प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव है। उनका यह बयान बांग्लादेश में हालिया हिंसक घटनाओं और राजनीतिक तनाव के बीच आया है।

बांग्लादेश की अंग्रेज़ी दैनिक समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के मुताबिक, विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कोबीर ने कहा कि दिल्ली से किसी भगोड़े को पेट्रोल बम फेंककर या हिंसा के जरिए वापस नहीं लाया जा सकता। उन्होंने कहा कि उनकी वापसी के लिए कानूनी प्रक्रिया और प्रत्यर्पण संधि का पालन करना होगा।

हुमायूं कोबीर ने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेता हिंसा भड़काने में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए जाने के पीछे आतंकवाद से जुड़े आरोप प्रमुख कारण हैं।

मंत्री ने दावा किया कि अवामी लीग के कुछ नेता विदेश में रहकर भी देश में हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पेट्रोल बम हमलों, आगजनी और अन्य हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि देश में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश की छवि प्रभावित हो रही है या नहीं, तो कोबीर ने इस चिंता को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हिंसा में शामिल लोगों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने 'जॉय बांग्ला' नारे का जिक्र करते हुए कहा कि अब यह भागने वाले लोगों का नारा बन गया है।

हालिया घटनाओं को छिटपुट आतंकवादी गतिविधियां बताते हुए विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि पेट्रोल बम हमलों और आगजनी के जरिए आम जनता को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देश के लोग ऐसे कायर आतंकवादियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्हाेंने दोहराया कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

You might also like!