26/11 की बरसी: इजरायल ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता दोहराई, पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि


विदेश 26 November 2026
post

26/11 की बरसी: इजरायल ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता दोहराई, पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

इजरायल ने गुरुवार को 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और भारतीय लोगों के साहस तथा मुश्किल समय में दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोगों को सम्मान दिया। इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “इजरायल भारतीय लोगों के मजबूत हौसले, दूसरों की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले बहादुर लोगों और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों की याद को सम्मान देता है। आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती और इसे हराने के हमारे साझा संकल्प की भी कोई सीमा नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इजरायल मजबूती से भारत के साथ खड़ा है।”

इससे पहले दिन में भारत में मौजूद इजरायली राजनयिकों ने भी 26/11 हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त लड़ाई के अपने संकल्प को दोहराया। हमलों की 18वीं बरसी पर पश्चिमी भारत के लिए इजरायल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच मुंबई के लियोपोल्ड कैफे पहुंचे। यह उन जगहों में से एक था, जिसे 26 नवंबर 2008 के आतंकी हमलों के दौरान निशाना बनाया गया था।

रेवाच ने कहा, “मैं यहां भारत के प्रति अपनी एकजुटता दिखाने आया हूं। जो कुछ यहां हुआ, उसे हम कभी नहीं भूलेंगे। सिर्फ इस जगह को नहीं, बल्कि पूरे मुंबई शहर को हम याद रखते हैं। हम भारत का समर्थन करते हैं, भारत के साथ खड़े हैं। हम न कभी भूलेंगे, न माफ करेंगे, और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई जारी रखेंगे।” उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल को आतंकवाद के खिलाफ और ज्यादा मिलकर काम करना चाहिए। इसमें सिर्फ आतंकवादी संगठनों का ही नहीं, बल्कि उन्हें समर्थन देने वाली सरकारों और देशों का भी मुकाबला करना शामिल है।

रेवाच ने कहा, “भारत कई क्षेत्रों में काफी आगे है और इन मुद्दों पर हमें भारत से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। आतंकवाद से निपटने के मामले में हमें मिलकर काम करते रहना चाहिए। सिर्फ आतंकवादी समूहों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि उन देशों और सरकारों के खिलाफ भी जो इन संगठनों के पीछे खड़े होते हैं।” भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने भी 26/11 हमलों के पीड़ितों को याद करते हुए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “26/11 मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं।”

भारत स्थित इजरायली दूतावास ने भी हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों और बचे हुए लोगों के प्रति अपनी एकजुटता जताई। दूतावास ने उन 166 लोगों को याद किया, जिनकी इस हमले में जान गई थी। इनमें नरीमन हाउस में मारे गए पांच इजरायली नागरिक भी शामिल थे।

दूतावास ने कहा, “26/11 मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर हम 166 निर्दोष लोगों को याद करते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। इनमें पांच इजरायली नागरिक – गैब्रियल और रिवका होल्ट्जबर्ग, लीबिश टेटेलबाम, बेंटजियन क्रोमन और योचेवेद ओरपाज शामिल हैं, जिन्हें नरीमन हाउस में मार दिया गया था। आज हम पीड़ितों के परिवारों, हमले से बचे लोगों और भारत के लोगों के साथ खड़े हैं। उनकी क्षति को कभी भुलाया नहीं जाएगा। आतंकवाद के खिलाफ खड़े रहने और जान गंवाने वालों को याद रखने के अपने संकल्प में भारत और इजरायल एकजुट हैं।”

You might also like!