रायगढ़, 17 अप्रैल । केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट में फैली गंदगी और अव्यवस्था को लेकर आज शुक्रवार काे नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
नगर निगम आयुक्त काे निरीक्षण के दौरान मार्केट में जगह-जगह कचरा फैला मिला और दुर्गंध की स्थिति सामने आई। आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
जांच में पाया गया कि कई दुकानदारों ने छज्जा निकालकर अतिक्रमण कर रखा है। आयुक्त ने गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मटन मार्केट में गंदगी को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। खुले में कचरा फेंकने से आसपास के इलाके में दुर्गंध फैलती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
नाला निर्माण कार्य का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने केवड़ाबाड़ी रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी कार्य में अनियमितता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने संकेत दिया है कि अब शहर में गंदगी और अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रायगढ़ मटन मार्केट की गंदगी पर आयुक्त सख्त, अतिक्रमण करने वालों को नोटिस के निर्देश

















