श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक का आईपीओ 25 को खुलेगा, 02 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग


व्यापार 19 November 2026
post

श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक का आईपीओ 25 को खुलेगा, 02 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग

नई दिल्ली, 19 नवंबर । इंटीग्रेटेड एग्रो-प्रोसेसिंग सेक्टर की कंपनी श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 93.66 करोड़ रुपये का आईपीओ 25 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 27 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 30 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि एक दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर दो दिसंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म (एनएसई एसएमई) पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 130 रुपये से लेकर 142 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को कम से कम दो लॉट यानी 2,000 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,84,000 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 65.96 लाख नए शेयर जारी हो रहे हैं।

इस आईपीओ में शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 48.50 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी पुराने बकाया कर्ज को आंशिक या पूरी तरह चुकाने के लिए करेगी, जबकि 23.54 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) पर खर्च किए जाएंगे। इसके बाद बची शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए उपयोग की जाएगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से मार्केट मेकर के लिए 3.30 लाख शेयर यानी 5 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। शेष 62.66 लाख शेयरों के नेट ऑफर में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 1.05 प्रतिशत हिस्सा यानी 66,000 शेयर सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 49.47 प्रतिशत हिस्सा यानी 31 लाख शेयर और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए भी 49.47 प्रतिशत हिस्सा यानी 31 लाख शेयर रिजर्व किए गए हैं। इस पूरे इश्यू के लिए इरुडोर कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि मास सर्विसेज लिमिटेड को रजिस्ट्रार और बसन इक्विटी ब्रोकिंग लिमिटेड को मार्केट मेकर नियुक्त किया गया है।

श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कंपनी द्वारा दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसके शुद्ध लाभ में लगातार जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 3.08 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 5.50 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 111 प्रतिशत की छलांग के साथ 11.59 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी को 3.45 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी निरंतर तेजी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 36.90 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 61.13 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.32 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी को 37.42 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के ऊपर लदे कर्ज के बोझ में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 76.45 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 72.76 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़ कर 89.95 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज घट कर 74.72 करोड़ रुपये रह गया था।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 114.78 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 115.22 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में बड़ी उछाल के साथ 145.86 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों के अंत यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 121.80 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 3.08 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 8.58 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में 20.17 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों यानी 31 जुलाई 2026 तक यह 16.27 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 12.98 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 18.48 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़ कर 25.07 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों के अंत यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 28.52 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 8.61 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 14.54 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह और बढ़ कर 20.46 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों के अंत यानी 31 जुलाई 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 4.68 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

जून 2022 में स्थापित महाराष्ट्र के उस्मानाबाद स्थित श्री सिद्धिविनायक ग्रीनटेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक इंटीग्रेटेड एग्रो-प्रोसेसिंग कंपनी है, जो मुख्य रूप से गुड़ पाउडर (जैगरी पाउडर), खांडसारी चीनी, गुड़ आधारित वैल्यू-एडेड खाद्य उत्पादों और गन्ने के बाय-प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। कंपनी बी2बी ग्राहकों के साथ-साथ 'फील गुड्डी' ब्रांड के तहत बी2सी ग्राहकों को गुड़ की चाय, गुड़ की कॉफी, इंस्टेंट चावल की खीर, गुड़ के लड्डू और गुड़ की लापसी जैसे उत्पाद उपलब्ध कराती है। इसके अलावा कंपनी गन्ने के बीज की नर्सरी का संचालन भी करती है और जीरो-वेस्ट मॉडल के तहत खोई (बगास), शीरा (मोलासेस) और प्रेस मड जैसे उप-उत्पादों का व्यावसायिक उपयोग करती है।

You might also like!