रायगढ़, 28 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला की थाना पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से देर रात एटीएम से बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही विफल कर दी गई। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गेरवानी चौक स्थित इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया है, सूचना पर तत्काल पूंजीपथरा की गस्त पार्टी पहुंची पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को गैस कटर से मशीन तोड़कर रुपए चोरी का प्रयास करते रंगे हाथ दबोच लिया। त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आर्थिक अपराध की घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक घटना बीते रात 03.00 बजे के आसपास की है । पुलिस को गेरवानी स्थित एटीएम पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली जिस पर तत्काल एक्शन लिया गया । थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देशन पर गश्त टीम के आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा मौके पर पहुंचे, जहां आरोपित एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपित पंकज कुमार पासवान को काबू किया। आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किए गए।
चोर ने खुद की पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे और खुद के चेहरे पर काले रंग के पेंट का स्प्रे भी किया था।
पूछताछ में आरोपित पंकज पासवान ने बताया कि वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान और कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम से चोरी की योजना बनाई थी, लेकिन पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता से उसका मंसूबा नाकाम हो गया। इस घटना से एटीएम मशीन को 3,50,000 रूपये का नुकसान है । घटना के संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत उम्र 35 वर्ष की रिपोर्ट पर आरोपित के विरूद्ध थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 305, 316,331(4),62 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है ।
















