रेलवे सुरक्षा को लेकर आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

post

रेलवे सुरक्षा को लेकर आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान

जगदलपुर, 15 मई । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा रेलवे सुरक्षा, कानूनी जानकारी और सामाजिक जागरूकता को लेकर अमागुड़ा-नकटीसेमरा सेक्शन में आज शुक्रवार काे विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन एचसी 4198 एन. पात्रा एवं एके टाकरी ने किया। अभियान के दौरान अमागुड़ा गांव, बमनी गांव एवं एलसी गेट क्रमांक केके-74 क्षेत्र में ग्रामीणों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रेलवे सुरक्षा एवं कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

जागरूकता कार्यक्रम में रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत रूप से चलने या पार करने के खतरों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही मानव तस्करी जैसे अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए रेलवे द्वारा संचालित “मेरी सहेली” पहल की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा रेलवे लेवल क्रॉसिंग पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियां, गेट सिग्नल का पालन करने का महत्व तथा रेलवे फाटक के नियमों के बारे में समझाइश दी गई। कार्यक्रम में एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े अपराधों, नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन और उपयोग के खिलाफ भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि रेलवे परिसर या ट्रैक के आस-पास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ अथवा रेलवे प्रशासन को सूचित करें।

अभियान के दौरान गांव के सरपंच, वार्ड सदस्यों और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक भी आयोजित की गई। इसमें रेलवे सुरक्षा और संरक्षा बनाए रखने में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी रेलवे सुरक्षा के प्रति पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

You might also like!