मप्र के सतना में सॉल्वेंट प्लांट में आग लगने जिंदा जला मजदूर, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम


देश 19 May 2026
post

मप्र के सतना में सॉल्वेंट प्लांट में आग लगने जिंदा जला मजदूर, आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

सतना, 19 मई । मध्य प्रदेश के सतना जिले में अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट (तेल मिल) में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से एक कर्मचारी जिंदा जल गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाइवे पर चक्काजाम कर दिया।

क्षेत्र के सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि अमरपाटन रोड पर भटनवारा के पास स्थित विद्याश्री साल्वेंट प्लांट में सोमवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। प्लांट में धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल बनाया जाता था। इसलिए आग धान की भूसी और तेल के संपर्क में आकर इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा परिसर लपटों से घिर गया।

उन्होंने बताया कि घटना के समय मौके पर 4 से 5 कर्मचारी मौजूद थे, जिनमें से कुछ तो बाहर की तरफ भाग निकले, मगर तिघरा निवासी मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह परिहार और मुन्नू केवट अंदर ही फंस गए। आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से उसकी लपटें देखी जा सकतीं थीं। इस बीच आगजनी की खबर लगते ही पुलिस टीम के साथ नगर निगम के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, जिनकी मदद से बचाव के प्रयास शुरू किए गए। नगर निगम के दमकल कर्मियों ने लगभग चार घंटे तक जद्दोजहद करते हुए आग पर काबू पाया।

लगभग ढाई घंटे की कोशिशों के बाद अंदर फंसे एक कर्मचारी मुन्नू केवट को बाहर निकालकर एंबुलेंस से आनन-फानन जिला अस्पताल रवाना किया गया, मगर दिलावर को बचाया नहीं जा सका। सर्चिंग में युवक की पूरी तरह जल चुकी बॉडी के अवशेष ही हाथ लगे। साल्वेंट प्लांट में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस बीच घटना की खबर लगते ही सीएसपी के साथ एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, उचेहरा एसडीएम सोमेश द्विवेदी, कोतवाली टीआई रावेन्द्र द्विवेदी, कोलगवां टीआई सुदीप सोनी, सिविल लाइन टीआई योगेन्द्र सिंह समेत नगर निगम के फायर अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस के जवान मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में जुट गए थे।

सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने बताया कि पूरी तरह आग पर काबू पाने और फैक्टरी परिसर की तपिश कम होने के बाद संबंधित विशेषज्ञों के साथ बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा, तो वहीं घायल कर्मचारी और अन्य लोगों से पूछताछ होगी, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

इस बीच आग में झुलसकर जान गंवाने वाले ऑपरेटर दिलावर सिंह के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने नाराजगी जताते हुए सतना-अमरपाटन रोड पर जाम लगा दिया। मुआवजे के लिए कई दौर की बातचीत के बाद 15 लाख रुपये प्लांट मालिक और अन्त्येष्टि के लिए प्रशासन द्वारा 25000 की मदद के आश्वासन के बाद सुबह 3.30 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ। भीषण आग की चपेट में आई राइस मिल के मालिक सतना निवासी सौरभ जैन हैं, जिनसे किराए पर लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ निवासी वीरेन्द्र प्रधान संचालन कर रहे थे। यहां पर धान की भूसी से तेल बनाने का काम किया जा रहा था।

You might also like!