कोलकाता, 21 मई। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर जारी पुनर्मतदान के दौरान गुरुवार दोपहर तीन बजे तक 74.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 7 बजे से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। अधिकांश मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं।
राज्य में पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बावजूद बड़ी संख्या में मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। कई बूथों पर दोपहर तक मतदाताओं की भीड़ बनी रही।
पुनर्मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 30 क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय रखा गया है।
हालांकि, मतदान के शुरुआती चरण में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान के घर के पास स्थित कुछ बूथों पर पार्टी एजेंटों की अनुपस्थिति की खबर सामने आई। बताया गया कि कम से कम दो बूथों पर तृणमूल एजेंट मौजूद नहीं थे।
उल्लेखनीय है कि, 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में फलता सीट पर मतदान हुआ था। बाद में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में कथित गड़बड़ी और धांधली के आरोपों के बाद निर्वाचन आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया था।
इस बीच तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जाहांगिर खान ने मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव से हटने की घोषणा कर दी थी। हालांकि, निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार उनका नाम अब भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बना हुआ है।
फलता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान में दोपहर तीन बजे तक 74.10 प्रतिशत मतदान














