मुजगहन बाईपास ओवरब्रिज अब होगा रोशन, सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू

post

मुजगहन बाईपास ओवरब्रिज अब होगा रोशन, सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू

धमतरी, 25 मई । जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 15 मुजगहन अंतर्गत नेशनल हाईवे बाईपास ओवरब्रिज पर लंबे समय से बनी अंधेरे की समस्या अब दूर होने जा रही है। क्षेत्रवासियों की मांग पर ओवरब्रिज के पास सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।

ओवरब्रिज पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लोगों को रात में आवाजाही के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अंधेरे के चलते दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम पंचायत मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू एवं जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने नगर निगम महापौर जगदीश रामू रोहरा से सोलर लाइट लगाने की मांग की थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए महापौर जगदीश रामू रोहरा ने संबंधित विभाग को तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग द्वारा बायपास ओवरब्रिज के समीप सोलर लाइट स्थापना का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया। कार्य की प्रगति का जायजा लेने सोमवार को महापौर जगदीश रामू रोहरा, सरपंच होमेश्वर साहू और जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। सोलर लाइट लगाने का कार्य शुरू होने से मुजगहन क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय ओवरब्रिज पर अंधेरा होने से सफर करना जोखिम भरा हो जाता था और असामाजिक तत्वों का भय बना रहता था। अब प्रकाश व्यवस्था होने से लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

इस पहल के लिए सरपंच होमेश्वर साहू, जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल सहित ग्रामवासियों ने महापौर जगदीश रामू रोहरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

You might also like!