नई दिल्ली, 25 मई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राजस्थान में 10,064 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव स्थिति की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने यह समीक्षा मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर की।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि यहां आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदार मौजूद रहे।
बैठक में गडकरी ने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने और टिकाऊ एवं प्रभावी राजमार्ग अवसंरचना के विकास के लिए उन्नत तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत राजमार्ग नेटवर्क संपर्क सुविधा बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और यात्रियों की सुविधा सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और राजमार्ग परिसंपत्तियों की दीर्घकालिक मजबूती बनाए रखने के लिए पूर्व तैयारी, रोकथाम उपायों और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जाए।
गडकरी ने राजस्थान के 10,064 किमी राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता, रखरखाव की समीक्षा की
















