अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री पहुंची आगरा, पति के साथ ताज का किया दीदार


देश 30 May 2026
post

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री पहुंची आगरा, पति के साथ ताज का किया दीदार

आगरा, 30 मई । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री टिफनी ट्रंप अपने पति के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंचीं और ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी साथ रहे और विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की खूबसूरती को निहारा।

टिफनी ट्रंप बिजनेसमैन पति माइकल के साथ शनिवार को पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे आगरा सिविल एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से टिफनी सीधा थाना ताजगंज क्षेत्र के एक पांच सितारा होटल पहुंचीं। यहां अल्प समय विश्राम के बाद होटल से सीधे शिल्प ग्राम पहुंचीं। शिल्पग्राम से बैटरी चलित गोल्फ कार्ट के जरिए पति के साथ ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंचकर पैदल ताजमहल परिसर में प्रवेश किया।

ट्रंप की पुत्री और उनके पति विश्व प्रसिद्ध धरोहर ताजमहल की खूबसूरती को देखकर गदगद दिखे। इस खूबसूरती को उन्होंने कैमरे में भी कैद किया। डायना बेंच पर बैठकर दोनों ने फोटो खिंचवाए। हालांकि टिफनी ट्रंप का ताजमहल देखने का कार्यक्रम आज शाम का था, लेकिन आगरा में आज मौसम अच्छा और कम गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम में तब्दीली कर इसको दोपहर की तेज धूप से पहले ही बना लिया गया। टिफनी करीब 12 बजे ताजमहल पहुंच गईं और लगभग 35 मिनट ताजमहल की खूबसूरती निहारने के बाद वह ताजमहल से सीधे होटल के लिए प्रस्थान कर गईं। अमेरिकी राष्ट्रपति का परिवार होने के कारण इस भ्रमण कार्यक्रम में समुचित सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

ताजमहल में तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के वरिष्ठ सर्वेक्षण सहायक कलंदर विज ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले 2020 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ आगरा आए थे। उस दौरान ट्रंप परिवार ने ताजमहल का भ्रमण कर फोटोग्राफी भी की थी। अब लगभग छह साल बाद ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टिफनी ट्रंप भी ताजमहल का दीदार करने पहुंची हैं।

You might also like!