तमिलनाडु के बजट में शिक्षा पर जोर, सरकारी स्कूलों में सुपर क्लीन–सुपर कैंपस योजना की घोषणा


देश 05 August 2026
post

तमिलनाडु के बजट में शिक्षा पर जोर, सरकारी स्कूलों में सुपर क्लीन–सुपर कैंपस योजना की घोषणा

चेन्नई, 05 अगस्त   तमिलगा वेत्रि कषगम (टीवीके) सरकार ने आज अपना पहला पूर्ण बजट (2026–27) विधानसभा में पेश किया। विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज सुबह 10 बजे हुई। वित्त विभाग का प्रभार संभाल रहे मंत्री मरिया विल्सन ने बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने घोषणा की कि तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में "सुपर क्लीन–सुपर कैंपस" योजना लागू की जाएगी। पहले चरण में लगभग 10,000 स्कूलों को इसमें शामिल किया जाएगा। इसके लिए 139 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसके माध्यम से स्कूलों के शौचालयों, कक्षाओं तथा अन्य परिसरों को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर बनाया जाएगा। ।

उन्होंने कहा कि पेरुंथलैवर कामराजर विशेष विद्यालय योजना के तहत स्कूलों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 125 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। स्कूली पाठ्यक्रम के पुनर्गठन के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा। 3,714 स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए 2,132 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। स्कूलों में नशा विरोधी जागरूकता फैलाने के लिए 7 करोड़ रुपये का आवंटन किया जाएगा।

मरियाविल्सन ने कहा कि तमिलनाडु में भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। लोक निर्माण विभाग में टेंडर प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु को वित्तीय संकट से उबारने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। भवन निर्माण अनुमति की पुरानी व्यवस्था में बदलाव किया गया है तथा इस प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने कहा, **"जनता के कर के एक पैसे को भी हम हाथ नहीं लगाएंगे, न किसी को लगाने देंगे, और जिन्होंने अब तक ऐसा किया है, उन्हें भी नहीं छोड़ेंगे।" उन्होंने कहा कि राज्य के राजस्व स्रोतों को बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बजट भाषण की शुरुआत तमिलगा वेत्रि कषगम के वैचारिक नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तथा अन्ना और एमजीआर का उल्लेख करते हुए की। विधानसभा में बजट पेश किए जाने से कुछ समय पहले मुख्यमंत्री विजय वहां पहुंचे।

You might also like!