सनातन हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर काठमांडू में पैदल यात्रा


विदेश 10 August 2026
post

सनातन हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर काठमांडू में पैदल यात्रा

काठमांडू, 10 अगस्त । नेपाल में सनातन हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर सोमवार को राजधानी काठमांडू में पैदल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) के निकट माने जाने वाले नेपाल सनातन धर्म संस्कृति संगठन के तत्वावधान में आयोजित की गयी।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य नेपाल को सनातन हिंदू राष्ट्र के रूप में पुनः स्थापित करने की मांग को सामने रखना था। पैदल यात्रा मैतीदेवी मंदिर से शुरू होकर पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंची। यात्रा में आरपीपी की सांसद खुश्बु ओली सहित संगठन से जुड़े लोगों और समर्थकों की सहभागिता रही। प्रतिभागियों ने सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण तथा नेपाल की पहचान को हिंदू राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की मांग उठाई।

उल्लेखनीय है कि नेपाल वर्ष 2008 में गणतांत्रिक व्यवस्था अपनाने से पहले दुनिया का एकमात्र आधिकारिक हिंदू राष्ट्र था। इसके बाद देश को धर्मनिरपेक्ष गणराज्य घोषित किया गया। हालांकि आरपीपी सहित विभिन्न हिंदूवादी और राजतंत्र समर्थक समूह लंबे समय से नेपाल को फिर से हिंदू राष्ट्र घोषित करने की मांग करते रहे हैं। सोमवार की यह पैदल यात्रा भी इसी व्यापक राजनीतिक और सामाजिक मांग को लेकर आयोजित गतिविधियों की कड़ी के रूप में देखी जा रही है।

You might also like!