रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चौकी खरसिया ने मदनपुर स्थित सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रार्थिया श्रीमती आरती उनसेना, निवासी मदनपुर ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अगस्त की रात लगभग 1:00 बजे से 4:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके मकान के तीन कमरों के दरवाजों की कुंडी एवं कब्जे तोड़कर तथा खिड़की की सरिया मोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने घर में रखे सीआरआई कंपनी का 1 एचपी सबमर्सिबल पंप, कूलर, 32 इंच एलजी एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, चार गैस सिलेंडर, सीलिंग फैन, मिक्सी, पीतल की भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की मूर्तियां, चढ़ावे की नकदी, चांदी के लक्ष्मी सिक्के, इन्वर्टर एवं बैटरी, , कंप्यूटर सेट, लैपटॉप, महत्वपूर्ण दस्तावेज, घरेलू बर्तन, कृषि उपकरण तथा घर में रखी नगदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान एवं नकदी की कुल कीमत लगभग ₹80 हजार बताई गई।
रिपोर्ट पर चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 400/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर हरिजन मोहल्ला खरसिया निवासी अमन सागर एवं सत्यम सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
उनके बयान के आधार पर आरोपी अमन के कब्जे से एक पुराना कैम स्टार कंपनी का कूलर एवं एक सीलिंग फैन तथा आरोपी सत्यम के कब्जे से एक 32 इंच का काला एलईडी टीवी एवं दो सीलिंग फैन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों अमन सागर (22 वर्ष) एवं सत्यम सागर (32 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करने में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उपनिरीक्षक मनोज पटेल, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा एवं धनंजय कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।








.jpg)
.jpg)


.jpg)




