कांकेर, 10 अगस्त । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुसुमपानी गांव में भोजन की तलाश में निकला भालू का एक शावक कुएं में गिर गया। साेमवार काे ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शावक को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग के अनुसार भालू का शावक कुसुमपानी गांव के एक कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया और शावक को सुरक्षित बाहर निकाला। वन विभाग के अनुसार, आशंका है कि भोजन की तलाश में भालुओं का परिवार जंगल से खेतों की ओर आया था। इसी दौरान शावक पानी देखकर कुएं के पास पहुंचा और उसमें गिर गया। रेस्क्यू के दौरान आस-पास भालू के परिवार की मौजूदगी की आशंका के चलते वनकर्मियों ने विशेष सतर्कता बरती। कांकेर जिले में लगातार भालुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने, सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।
कुएं में गिरा भालू का शावक, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा

















