नीरज चोपड़ा ने ऐतिहासिक पदक जीतने पर बसंत और शाहनवाज को दी बधाई


खेल 10 August 2026
post

नीरज चोपड़ा ने ऐतिहासिक पदक जीतने पर बसंत और शाहनवाज को दी बधाई

नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। भारत के पूर्व विश्व चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने सोमवार को विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप 2026 में ऐतिहासिक पदक जीतने वाले बसंत कुमार मेघवाल और शाहनवाज खान को बधाई दी। बसंत ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत, जबकि शाहनवाज ने पुरुषों की लंबी कूद में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।

नीरज चोपड़ा ने सोमवार अपने एक्स हैंडल पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए लिखा, “बसंत कुमार मेघवाल और शाहनवाज खान के लिए यह कई उपलब्धियों में से पहली है। उन्होंने अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की ऊंची कूद और लंबी कूद में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते। उन्हें और इस तरह की शानदार प्रतिभाओं के साथ काम कर रही पर्दे के पीछे की पूरी टीम को बधाई।”

बसंत ने रचा इतिहास

19 वर्षीय बसंत कुमार मेघवाल विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में ऊंची कूद का पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने 2.21 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।

बसंत ने इससे पहले अप्रैल में बेंगलुरु में जूनियर फेडरेशन कप के दौरान 2.21 मीटर की छलांग लगाई थी।

इसके बाद मई में हांगकांग में आयोजित एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2.20 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

यूजीन में बसंत ने 2.06 मीटर की ऊंचाई पहली कोशिश में पार की, जबकि 2.12 मीटर के लिए उन्हें दो प्रयास करने पड़े। इसके बाद उन्होंने 2.17 मीटर पहली कोशिश में पार किया और दूसरी कोशिश में 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की। हालांकि वह 2.24 मीटर की ऊंचाई तीनों प्रयासों में पार नहीं कर सके। तीन खिलाड़ियों के 2.21 मीटर पार करने के बाद काउंटबैक के आधार पर बसंत को रजत मिला।

शाहनवाज भी बने पहले भारतीय पुरुष

शाहनवाज खान ने 7.84 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ कांस्य पदक जीतकर विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में लंबी कूद का पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले शाइली सिंह ने 2021 में महिलाओं की लंबी कूद में रजत पदक जीता था।

एशियाई अंडर-20 चैंपियन शाहनवाज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 7.67 मीटर की छलांग से की। उन्होंने दूसरे प्रयास में 7.72 मीटर की छलांग लगाई और तीसरे प्रयास में 7.84 मीटर की पदक विजेता छलांग लगाई। इसके बाद उन्होंने 7.52, 7.83 और 5.37 मीटर की छलांग लगाई। शाहनवाज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.30 मीटर है, जो उन्होंने जून में भारतीय चैंपियनशिप में दर्ज किया था।

भारत ने जीते तीन पदक

बसंत और शाहनवाज के पदकों के साथ भारत ने यूजीन प्रतियोगिता में तीन पदक जीते। इससे पहले शुक्रवार को आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

भारत का तीन पदकों का यह प्रदर्शन विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में उसके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी है।

इससे पहले भारत ने 2021 और 2022 के संस्करणों में भी दो रजत और एक कांस्य सहित तीन पदक जीते थे।

विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप के इतिहास में भारत ने अब तक दो स्वर्ण पदक जीते हैं। नीरज चोपड़ा ने 2016 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि हिमा दास ने 2018 में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में खिताब हासिल किया था। दोनों ही संस्करणों में भारत का स्वर्ण ही एकमात्र पदक था।

You might also like!