नई दिल्ली, 19 अगस्त विमानन कंपनी एयर न्यूजीलैंड ने एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन को अपने निदेशक मंडल में शामिल किया है।
एयर न्यूजीलैंड ने बुधवार को शेयर बाजार को रेगुलेटरी फाइलिंग में दी जानकारी में बताया, ‘‘विमानन कंपनी के पूर्व कार्यकारियों कैंपबेल विल्सन और रॉबर्ट मैकडोनाल्ड को निदेशक मंडल में शामिल किया गया है। ये नियुक्ति विमानन कंपनी की वार्षिक आम बैठक में मतदान के जरिये उनके पुनर्निर्वाचन के अधीन है।’’
कंपनी ने कहा कि एयर न्यूजीलैंड की वार्षिक आम बैठक (एएसएम) 24 सितंबर को होगी। विल्सन न्यूजीलैंड के मूल निवासी हैं। विल्सन के पास विमानन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है और उन्होंने सिंगापुर एयरलाइंस में विभिन्न वरिष्ठ कार्यकारी पदों पर काम किया है।
एयर इंडिया और उसके बदलाव संबंधी प्रयासों का नेतृत्व कर रहे विल्सन के इस्तीफे के घोषणा एयर इंडिया ने 7 अप्रैल को की थी।
उल्लेखनीय है कि घाटे में चल रही टाटा समूह की अगुवाई वाली विमानन कंपनी एयर इंडिया ने इथियोपियन एयरलाइंस समूह के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम को अपना सीईओ एवं एमडी नियुक्त किया है।















