रायगढ़ में ऑपरेशन 'आघात' के तहत 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, छह आरोपित गिरफ्तार


शहर 17 August 2026
post

रायगढ़ में ऑपरेशन 'आघात' के तहत 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, छह आरोपित गिरफ्तार

 रायगढ़, 17 अगस्त । जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में 16 अगस्त को ग्राम धनागर, कुरमापाली और कलमी में कार्रवाई की गई।

पुलिस ने ग्राम धनागर में कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल के कब्जे से 100 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। वहीं ग्राम कुरमापाली में शिव रजवार के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

ग्राम कलमी में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तरुण सतनामी एवं लक्ष्मी प्रसाद सतनामी के कब्जे से कुल 140 लीटर तथा अमन सतनामी एवं तोषराम जोल्हे के कब्जे से 135 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। इस प्रकार चारों कार्रवाइयों में कुल 395 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 53,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब बनाने और रखने में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, प्लास्टिक डिब्बे, जरीकेन, बाल्टी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपितों में कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल (48), शिव रजवार, तरुण सतनामी (19), लक्ष्मी प्रसाद सतनामी (37), अमन सतनामी (22) तथा तोषराम जोल्हे (28) शामिल हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साेमवार काे कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अपराध को बढ़ावा मिलता है। जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You might also like!