स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का हुआ अंतिम अभ्यास


शहर 13 August 2026
post

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का हुआ अंतिम अभ्यास

रायगढ़ , 13 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज बलिदानी कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की उपस्थिति में आयोजित रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह की सभी गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया।

अंतिम रिहर्सल में सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद 11 प्लाटून दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट का अभ्यास किया। पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रधुन की प्रस्तुति दी गई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया।

रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण, परेड, सलामी, राष्ट्रगान, पुलिस बैंड की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह की प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित क्रम एवं समय के अनुसार संपादित किया गया। अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही सहित जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस बल एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे प्रातः 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात परेड द्वारा सलामी, राष्ट्रगान तथा मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

You might also like!