अमिंगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनेगा तैराकी का पहला राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर


खेल 29 August 2026
post

अमिंगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनेगा तैराकी का पहला राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर

गुवाहाटी, 29 अगस्त । पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैराकी के विकास को नई गति देने के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई), बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ असम (एसएए) के बीच त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के तहत अमिंगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित ओलंपिक आकार के तैराकी पूल को भारतीय खेल प्राधिकरण को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां तैराकी के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) स्थापित किया जाएगा।

इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम सरकार के खेल मंत्री, सांसद बिजुली कलिता मेधी समेत कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से उप महानिदेशक मंजुश्री दयानंद और क्षेत्रीय केंद्र गुवाहाटी के कार्यकारी निदेशक डी.के. मित्तल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

यह केंद्र पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैराकी का पहला राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र होगा। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं और पेशेवर सहयोग उपलब्ध कराने के साथ असम तथा पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों से तैराकी प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और विकास पर जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना से क्षेत्र में उच्च प्रदर्शन वाले खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की उम्मीद है। इससे पूर्वोत्तर के तैराकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने के अधिक अवसर मिलेंगे।

यह पहल क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और तैराकी में भविष्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

You might also like!