रायगढ़, 20 अगस्त इस्कॉन प्रचार केंद्र रायगढ़ द्वारा 4 से 6 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
तीन दिनों तक रायगढ़ में भक्ति, हरिनाम संकीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला चलेगी, जिसमें शहर के श्रद्धालुओं के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तथा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले भक्त भी शामिल होंगे। इस्कॉन रायगढ़ प्रचार केंद्र पिछले तीन वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को अनूठे और भव्य तरीके से मना रहा है।
इस वर्ष ओडिशा से भक्तों की विशेष मंडली रायगढ़ पहुंच रही है। इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे, जिनका जुड़ाव कृष्ण भावनामृत आंदोलन के प्रचार-प्रसार से है। इस्कॉन के ब्रह्मचारी एवं दीक्षित भक्त भी विशेष रूप से आयोजन में शामिल होंगे। उनके सान्निध्य में हरिनाम संकीर्तन, पूजा-पाठ एवं विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
4 सितंबर से शुरू होगा भक्ति का महापर्व
महामहोत्सव का शुभारंभ 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर होगा। सुबह 10 बजे से भक्तों एवं बच्चों के लिए चित्रकला, रंगोली, निबंध, प्रश्नोत्तरी और क्राफ्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताओं में विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सभी प्रतियोगिताएं भक्तों के लिए निःशुल्क रहेंगी।
शाम 5 बजे से जन्माष्टमी महामहोत्सव का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम का आयोजन इस्कॉन प्रचार केंद्र, जगन्नाथ मंदिर के पास, पल्लवी महल, राजा पारा, रायगढ़ में किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के पावन प्राकट्य की बेला में भजन, संकीर्तन, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण कृष्णमय होगा।
वहीं 5 सितंबर को नंद उत्सव एवं इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद जी व्यास पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे से इस्कॉन प्रचार केंद्र में होगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के आनंद को नंदोत्सव के रूप में मनाने के साथ श्रील प्रभुपाद जी के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और भक्ति अर्पित की जाएगी।
महामहोत्सव के अंतिम दिन 6 सितंबर को कार्यक्रम का आयोजन अंश इंटरनेशनल होटल, रायगढ़ में होगा। यह सार्वजनिक कार्यक्रम होगा और इसमें 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से प्रारंभ होगा।
इसमें बाल महोत्सव, विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन, पुरस्कार वितरण, भजन संध्या, हरिनाम संकीर्तन और अन्य आध्यात्मिक आयोजन होंगे। बच्चों की प्रतिभा और सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष महाभिषेक एवं महाआरती भी होगी। इसके बाद सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
भक्ति संगीत और हरिनाम संकीर्तन के बीच जब हजारों कंठों से एक साथ ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ का महामंत्र गूंजेगा, तब रायगढ़ का वातावरण भक्तिरस से सराबोर होने का अनुपम दृश्य देखने को मिलेगा। ओडिशा सहित देश-प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आने वाले भक्तों की सहभागिता इस आयोजन को और विशेष बनाएगी।
रायगढ़ : जन्माष्टमी महामहोत्सव 4 से 6 सितंबर तक, तीन दिन गूंजेगा ‘हरे कृष्ण-हरे राम’ का महामंत्र

















