AI आधारित मूल्य निर्धारण को लेकर McDonald’s के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा


विज्ञान 06 October 2026
post

AI आधारित मूल्य निर्धारण को लेकर McDonald’s के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा

मैकडॉनल्ड्स के खिलाफ अमेरिका की संघीय अदालत में प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी क्लास एक्शन मुकदमा दायर किया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि कंपनी अपने फ्रेंचाइजी और कंपनी के स्वामित्व वाले रेस्तरां में मेन्यू की कीमतों में समन्वय के लिए AI आधारित मूल्य निर्धारण प्रणाली का इस्तेमाल कर रही है।

शिकागो की संघीय अदालत में शुक्रवार को दायर मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि मैकडॉनल्ड्स ने स्वतंत्र फ्रेंचाइजी के साथ मिलकर गैर-सार्वजनिक आंकड़ों पर प्रशिक्षित एल्गोरिदम के जरिए कीमतें तय करने की साजिश रची और इस तरह अमेरिकी प्रतिस्पर्धा-विरोधी कानूनों का उल्लंघन किया।

मुकदमे में कहा गया है कि स्वतंत्र कारोबारों को अपनी कीमतें स्वतंत्र रूप से तय करनी चाहिए। इसमें आरोप लगाया गया है कि मैकडॉनल्ड्स ने अपने बड़े आंकड़ा भंडार और फ्रेंचाइजी व्यवस्था का इस्तेमाल कर ग्राहकों से अधिक कीमत वसूलने के लिए किया।

हालांकि, मैकडॉनल्ड्स ने सोमवार को इन आरोपों को अटकलों पर आधारित और बिना पर्याप्त जानकारी वाला बताया। कंपनी ने कहा कि AI किसी Big Mac या मेन्यू की किसी अन्य वस्तु की कीमत तय नहीं करता।
कंपनी के अनुसार, फ्रेंचाइजी अपने स्तर पर कीमतों से जुड़े फैसले लेते हैं। मैकडॉनल्ड्स ने यह भी कहा कि कीमतों की सिफारिश करने वाले उपकरणों और आंकड़ों के विश्लेषण का इस्तेमाल कई उद्योगों में व्यापक रूप से किया जाता है।

अमेरिका में हाल के वर्षों में ऐसे कई क्लास एक्शन मुकदमे दायर किए गए हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि कंपनियों ने होटल के कमरों, किराये के मकानों और अन्य वस्तुओं की कीमतों में गैरकानूनी समन्वय के लिए एल्गोरिदम या AI का इस्तेमाल किया।

You might also like!