मुंबई, 12 अक्टूबर नए कलाकार अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव की फिल्म 'नखरेवाली' 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में रोमांस और हास्य के साथ रिश्तों को एक अलग नजरिए से पेश किया जाएगा। इसके पोस्टर पर लिखी पंक्ति, "कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है", दर्शकों का ध्यान खींच रही है। यह संवाद प्यार में पारंपरिक भूमिकाओं को बदलने की कहानी की ओर इशारा करता है।
राहुल शंकल्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और पटकथा दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म में हास्य और भावनाओं के जरिए रिश्तों, लैंगिक समानता और सामाजिक मान्यताओं जैसे विषयों को हल्के-फुल्के अंदाज में उठाया गया है। फिल्म को 'वॉमांटिक कॉमेडी' कहा जा रहा है, जो रोमांस और कॉमेडी के साथ एक नए तरह का नजरिया पेश करने का प्रयास करती है।
आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में जियो स्टूडियोज और कलर येलो ने फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म का ट्रेलर जल्द जारी किया जाएगा। निर्माताओं को उम्मीद है कि इसकी अनोखी कहानी और रिश्तों को देखने का अलग अंदाज दर्शकों को आकर्षित करेगा।
आनंद एल राय की नई फिल्म 'नखरेवाली' की रिलीज डेट आई सामने

















