कोरबा : बाड़ी में बने बायोगैस गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम


छत्तीसगढ़ 17 February 2026
post

कोरबा : बाड़ी में बने बायोगैस गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मातम

कोरबा, 17 फरवरी । जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेड़ीमुड़ा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर की बाड़ी में बने बायोगैस प्लांट के गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। बालक सोमवार दोपहर से लापता था, जिसका शव आज मंगलवार सुबह घर के पीछे बने गोबर गैस चेम्बर में मिला।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर एवं उनकी पत्नी रोजी-रोटी के सिलसिले में तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका लगभग दो वर्षीय पुत्र गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार को दोपहर लगभग 2 बजे तक बालक घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान दादा बाड़ी में नहाने गए थे और बुआ घरेलू कार्य में व्यस्त थी।

कुछ देर बाद जब दादा नहाकर लौटे और पोते को भोजन के लिए आवाज लगाई तो वह नजर नहीं आया। घर एवं आसपास काफी तलाश की गई, ग्रामीणों से पूछताछ की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः दर्री थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई।

आज मंगलवार सुबह परिजन और ग्रामीण पुनः खोजबीन में जुटे। इसी दौरान आशंका के आधार पर घर की बाड़ी में बने बायोगैस चेम्बर में झांककर देखा गया, जहां बालक अंदर गिरा हुआ दिखाई दिया। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, किंतु संकरे गड्ढे में गिरकर फंस जाने से उसकी सांस थम चुकी थी।

मृत बालक को गोद में उठाए दादा का विलाप और बुआ की चीख-पुकार से घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना बालक के माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा के लिए रवाना हो रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है।

दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

You might also like!