प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से शुरू होने वाले दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे।
यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे, जहां वे शाम को एक महिला सम्मेलन में भाग लेंगे और लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं रेलवे, सड़क, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन और शहरी अवसंरचना सहित प्रमुख क्षेत्रों को कवर करती हैं।
प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे और वाराणसी-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण शामिल है।
कल प्रधानमंत्री मोदी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण के दौरान, प्रधानमंत्री उसी दिन हरदोई जाएंगे और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह 594 किलोमीटर लंबा, छह लेन वाला, प्रवेश-नियंत्रित ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत से बनाया गया है।

















