यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस के सबसे बड़े ऑनलाइन रिटेलर वाइल्डबेरीज के कई लॉजिस्टिक्स सेंटरों को निशाना बनाया गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार इस हमले में कम से कम तीन लोग घायल हो गए।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़डेन्को ने साेशल मीडिया मंच टेलीग्राम पर बताया कि वसेवोलोझस्क जिले के नोवोसाराटोव्का गांव स्थित एक लॉजिस्टिक्स सेंटर में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई, जिसमें तीन लोग घायल हुए। वहीं, किरोव्स्की जिले के सिन्याविनो गांव में स्थित सेवेर्नाया पोल्ट्री फार्म के एक गोदाम को भी नुकसान पहुंचा, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेग्लोव ने कहा कि शुक्रवार सुबह शहर पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्य मॉस्कोव्स्कोये हाईवे के पास नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
रूस की इन्वेस्टिगेटिव कमिटी ने लेनिनग्राद क्षेत्र में नागरिक ठिकानों पर कथित यूक्रेनी हमले के मामले में आतंकवाद के आरोपों के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है।
यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के ऑनलाइन रिटेलर के लॉजिस्टिक्स सेंटर निशाने पर, 3 घायल

















